जिला स्तरीय सम्मेलन में खाद. बीज व्यापार को मजबुत करने का लिया संकल्प
हलधर किसान राजगढ़। खाद. बीज व्यापारियों के हितों के लिए काम करने वाली संस्था कृषि आदान विक्रेता संघ का जिला सम्मेलन राजगढ़ में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बतौर अतिथि संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष/ प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपुत, प्रवक्ता एवं प्रदेश सचिव संजय रघुवंशी, प्रदेश संगठन सचिव विनोद जैन शामिल हुए। इस महते आयोजन में जिलेभर के खाद, बीज विक्रेता शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह राजपुत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि आदान विक्रेता संघ (ऑल इंडिया एग्रो इनपुट्स डीलर एसोसिएशन) देश के कई राज्यों में अपनी पकड़ बना चुका है। संघ का उद्देश्य है कि कृषि आदान खाद, बीज, कीटनाशक विक्रेताओं को एक मंच पर लाकर उनकी व्यवसायिक परेशानियों का समाधान करे। मप्र के हर जिला कार्यकारिणी गठित है एवं पदाधिकारी सक्रियता से संगठन एवं व्यापार हित में काम कर रहे है। प्रदेश सचिव रघुवंशी ने संघ की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही उर्वरक, बीज एवं कीटनाशकों के नियमों पर विस्तार से चर्चा की एवं संगठन की एकता और सभी को संगठित होकर सजगता से व्यापार करने की सलाह दी।
ऑनलाईन व्यापार से किसान ओर देश दोनो का नुकसान: जैन
प्रदेश सचिव विनोद जैन ने कहा व्यापारी किसानों से सीधे जुड़े हुए है, उत्पादन बढ़ाने में भी व्यापारियों की सहभागिता महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने जानकारी के अभाव में व्यापारियों के साथ हो रहे अन्याय पर नाराजगी जताते हुए कहा कि संघ कृषि विभाग द्वारा लिए जाने वाली नमूना पद्धति को लेकर कई बार आपत्ति जता चुका है, संघ का प्रयास है कि नमूना फैल होने की दशा में विक्रेता नही बल्कि कंपनी से जवाब लिया जाए। इसके अलावा श्री जैन ने देश में ऑनलाइन कारोबार पर चिंता जताते हुए ऑन लाइन व्यापार को कृषि व्यवसाय में न करने की सलाह देते हुए चेताया कि इसमें किसानों एवं देश दोनों का बड़ा नुकसान होगा। सभी व्यापारी, संगठन की एकता और सजगता के साथ व्यापार करें। राजगढ़ जिलाध्यक्ष आदित्य उपाध्याय ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान सचिव दीपक शर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।